मेरठ में सीएम योगी का पोस्टर जलाने पर सपा नेताओं पर मुकदमा, 13 के खिलाफ रिपोर्ट; गिरफ्तारी को चार टीमें गठित
मेरठ। कमिश्नरी चौराहे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोस्टर जलाने के मामले में सपा अधिवक्ता सभा से जुड़े कार्यकर्ताओं के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में 13 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें एक नामजद और 12 अज्ञात बताए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें दबिश दे रही हैं।
गुरुवार को सपा समर्थक वकीलों ने कमिश्नरी चौराहे पर सीएम योगी के पोस्टर को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया था। तीन बार प्रयास के बाद पोस्टर जल सका। इसी दौरान पुलिसकर्मी ने पोस्टर को कब्जे में लेकर सुरक्षित कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
विवादित होर्डिंग को लेकर बढ़ा था आक्रोश
सपा नेताओं का आरोप है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ साजिश के तहत विवादित होर्डिंग लगाए गए थे। इसके विरोध में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर प्रदर्शन किया। सपा विधायक अतुल प्रधान और जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक समेत कई नेताओं ने खुद मौके पर पहुंचकर होर्डिंग हटाए थे।
वीडियो से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए वायरल वीडियो को जांच में शामिल किया है। चार पुलिस टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार वीडियो के आधार पर पोस्टर जलाने में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment