पश्चिमांचल डिस्कॉम ने हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस, 12 विद्युत सखियां सम्मानित

मेरठ। पीवीवीएनएल  के ऊर्जा भवन परिसर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में राष्ट्रगान हुआ। प्रबंध निदेशक ने सभी उपभोक्ताओं और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में प्रबंध निदेशक के अलावा निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, निदेशक (तकनीकी) एनके मिश्र और निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में विद्युत क्षेत्र की भूमिका पर विचार रखे।

उपभोक्ता सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान

अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र देश की प्रगति का प्रत्यक्ष आधार है। औद्योगिक इकाइयों से लेकर ग्रामीण विकास और प्रत्येक आर्थिक गतिविधि में बिजली की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए विद्युत विभाग के प्रत्येक कर्मचारी के कार्य का सीधा प्रभाव देश के विकास और उपभोक्ताओं पर पड़ता है।

उन्होंने कर्मचारियों से केवल औपचारिक रूप से जिम्मेदारी पूरी करने के बजाय अपने काम को और बेहतर बनाने की सोच विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का अधिकतम उपयोग उपभोक्ता सेवा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, विभागीय हित और आर्थिक सुदृढ़ता के लिए किया जाना चाहिए।

प्रबंध निदेशक ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीरों का योगदान सर्वोपरि है। स्वतंत्रता दिवस हमें उनके त्याग को याद करने के साथ अपने वर्तमान दायित्वों के प्रति और अधिक सजग रहने की प्रेरणा देता है।

12 विद्युत सखियों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में महिला शक्ति को सम्मान देते हुए उत्कृष्ट राजस्व संग्रह करने वाली 12 विद्युत सखियों को सम्मानित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं से संपर्क स्थापित करने, बिजली बिलों के भुगतान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राजस्व संग्रह में विद्युत सखियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

बुलंदशहर की गीता रानी ने सर्वाधिक 11 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह कर 8 लाख रुपये कमीशन अर्जित किया। वहीं बागपत की वर्षा ने 10.47 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह कर 4 लाख रुपये और रजनी ने 10.22 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह कर 4 लाख रुपये कमीशन प्राप्त किया।

मेरठ की संगीता ने 10 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह कर 8 लाख रुपये, मेरठ की सानिया ने 7.19 करोड़ रुपये का संग्रह कर 7 लाख रुपये तथा बुलंदशहर की सीमा ने 8 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह कर 4.50 लाख रुपये कमीशन अर्जित किया। इसके अलावा बागपत की विमला शर्मा, मेरठ की रचना और कविता, मुजफ्फरनगर की प्रतिभा, बागपत की रूबी तथा रामपुर की फिरदौस ने भी करोड़ों रुपये का राजस्व संग्रह कर उल्लेखनीय योगदान दिया।

प्रबंध निदेशक ने सभी सम्मानित विद्युत सखियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

रस्साकसी में दिखा उत्साह

समारोह के दौरान महिला और पुरुष वर्ग में मेरठ एवं मुख्यालय की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता टीमों और प्रतिभागियों को प्रबंध निदेशक एवं निदेशकगण ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्पोर्ट्स ऑफिसर अलका तोमर तथा कोच एवं रेफरी जतन सिंह, बिजेंद्र सिंह और मांगेराम के योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन दिलमणि थपलियाल ने किया। वहीं कु. आरूषि ने वंदे मातरम् प्रस्तुत कर समारोह में देशभक्ति का रंग भर दिया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें अधीक्षण अभियंता राहुल शर्मा, उमेश चंद्र सोनकर, अधिशासी अभियंता हरि ओम, रवि यादव, प्रेरणा, अंकित सिंह, नरेंद्र कुमार श्रीवास, महेश कुमार, गौरव प्रकाश, शोभित कुरील, अनीश कुमार, लेखाधिकारी अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

समारोह के अंत में प्रबंध निदेशक ने रस्साकसी प्रतियोगिता में विजेता टीमों तथा अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में PVVNL के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts