डीएलएड में प्रवेश का रास्ता साफ, 11 अगस्त से शुरू होंगे पंजीकरण
मेरठ के 121 संस्थानों में 11,900 सीटों पर मिलेगा मौका, 17 से 31 अगस्त तक पूरी करनी होगी प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया
मेरठ। डीएलएड (बीटीसी) प्रशिक्षण-2026 में प्रवेश की प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होगी। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रयागराज की ओर से प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मेरठ जिले में 120 निजी प्रशिक्षण संस्थानों की 11,700 और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मवाना खुर्द की 200 सीटों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश का मौका मिलेगा।
अभ्यर्थी updeled.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। स्टेट रैंक एक से 1,52,202 तक के अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण संस्थान का विकल्प भरने के लिए पांच हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। भुगतान की प्रक्रिया 10 अगस्त की शाम से 14 सितंबर तक चलेगी।
रैंक के अनुसार मिलेगा संस्थान चुनने का मौका
प्रथम चरण में स्टेट रैंक एक से 20 हजार तक के अभ्यर्थियों को 11 से 13 अगस्त तक प्रशिक्षण संस्थान का विकल्प भरने का अवसर मिलेगा। 14 अगस्त को संस्थान आवंटन की जानकारी दी जाएगी।
इसके बाद 14 से 18 अगस्त तक रैंक 20,001 से 80,000 तक के अभ्यर्थियों को विकल्प भरने का मौका मिलेगा। इसमें पहले चरण में विकल्प न भर पाने वाले और संस्थान आवंटित न होने वाले अभ्यर्थी भी शामिल होंगे। इन अभ्यर्थियों के लिए 19 अगस्त को संस्थान आवंटन की जानकारी जारी होगी।
80 हजार से 1.52 लाख रैंक वालों को 19 से मौका
रैंक 80,001 से 1,52,202 तक के अभ्यर्थी 19 अगस्त की शाम से 23 अगस्त तक संस्थान का विकल्प भर सकेंगे। 24 अगस्त को संस्थान आवंटन की जानकारी दी जाएगी।
सभी चरणों में आवंटित संस्थान में अभिलेखीय जांच और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए 17 से 31 अगस्त की शाम छह बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण संस्थानों को प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों की ऑनलाइन रिपोर्ट और लॉक की प्रक्रिया एक सितंबर तक पूरी करनी होगी।
सात सितंबर से शुरू होगा दूसरा चरण
डीएलएड प्रवेश प्रक्रिया का दूसरा चरण सात सितंबर से शुरू होगा। सात से 10 सितंबर तक रैंक एक से 1,52,202 तक के अन्य राज्य, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और विशेष आरक्षण श्रेणी के पात्र अभ्यर्थी तथा उत्तर प्रदेश के ऐसे निवासी अभ्यर्थी प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे, जिन्हें पहले चरण में संस्थान आवंटित नहीं हुआ है।
11 सितंबर को संस्थान आवंटन की जानकारी जारी होगी और 12 से 24 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संस्थान आवंटित न होने वाले सभी आवेदित अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 16 सितंबर शाम पांच बजे रखी गई है।
प्रशिक्षण संस्थानों को प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों की ऑनलाइन रिपोर्ट लॉक करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गई है। वहीं डीएलएड प्रशिक्षण का नया सत्र 28 सितंबर से शुरू होगा।


No comments:
Post a Comment