एसबीआई लाइफ और जेएंडके बैंक की साझेदारी, 1,000 से अधिक शाखाओं पर मिलेंगे जीवन बीमा समाधान
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के परिवारों को प्रोटेक्शन, सेविंग्स, रिटायरमेंट और चाइल्ड प्लान की सुविधा
नई दिल्ली 2026। परिवारों को व्यापक जीवन बीमा समाधान उपलब्ध कराने और वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और जेएंडके बैंक ने रणनीतिक कॉरपोरेट एजेंसी साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत जेएंडके बैंक की 1,000 से अधिक शाखाओं के माध्यम से ग्राहकों को एसबीआई लाइफ के विभिन्न जीवन बीमा उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे।
इनमें प्रोटेक्शन, सेविंग्स, रिटायरमेंट और बच्चों के लिए बीमा योजनाएं शामिल हैं। इससे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के परिवारों को अपनी बदलती वित्तीय जरूरतों और जीवन के अलग-अलग पड़ावों के अनुरूप बीमा समाधान हासिल करने में सुविधा होगी। ग्राहक अपने नियमित बैंकिंग संबंध वाले जेएंडके बैंक की शाखाओं से ही जीवन बीमा संबंधी समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
कॉर्पोरेट एजेंसी समझौते पर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के चंडीगढ़ क्षेत्र के इंस्टीट्यूशनल अलायंस के रीजनल मैनेजर बुद्धदित्य बनर्जी और जेएंडके बैंक के क्रॉस सेलिंग के डीजीएम मसूद अहमद लंकर ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के प्रेसिडेंट-बिजनेस स्ट्रैटेजी संतोष चाको और जेएंडके बैंक की जीएम डीएसी एवं क्रॉस सेलिंग अनीता नेहरू मौजूद रहीं।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के एमडी एवं सीईओ अमित झिंगरन ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य लोगों और परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का अधिक भरोसे के साथ सामना करने में सक्षम बनाना है। जेएंडके बैंक के साथ यह साझेदारी देशभर में बीमा जागरूकता बढ़ाने और आर्थिक सुरक्षा की संस्कृति को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि जीवन बीमा आर्थिक स्थिरता बनाए रखने और परिवारों की उम्मीदों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह सहयोग रोजमर्रा की वित्तीय योजना में बीमा के महत्व को और बढ़ाने में मदद करेगा। साथ ही, यह 2047 तक सभी के लिए बीमा के राष्ट्रीय विजन को समर्थन देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
जेएंडके बैंक के एमडी एवं सीईओ अमिताभ चटर्जी ने कहा कि बैंक की सामाजिक रूप से सशक्त बनाने वाली बैंकिंग की सोच के अनुरूप वह अपने ग्राहकों को बेहतर वित्तीय समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इंश्योरेंस पार्टनर के पोर्टफोलियो में एसबीआई लाइफ के जुड़ने से ग्राहकों को उनकी जरूरत के अनुरूप जीवन बीमा उत्पादों की व्यापक रेंज उपलब्ध कराने की बैंक की क्षमता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता को एक साथ लाने से ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण और मजबूत होगा तथा बैंक के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर मूल्य उपलब्ध कराया जा सकेगा।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के बिजनेस स्ट्रैटेजी प्रेसिडेंट संतोष चाको ने कहा कि बीमा का मूल उद्देश्य आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और जीवन की अनिश्चितताओं के बीच परिवारों को सुरक्षित रखना है। इस साझेदारी के माध्यम से जीवन बीमा को केवल एक वित्तीय उत्पाद के बजाय जिम्मेदार वित्तीय खुशहाली के महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
साझेदारी के जरिए दोनों संस्थानों का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में जीवन बीमा की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ वित्तीय साक्षरता और जागरूकता को बढ़ावा देना है। इससे अधिक से अधिक परिवारों को अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने और वित्तीय रूप से सुरक्षित रहने में मदद मिलने की उम्मीद है।


No comments:
Post a Comment