राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला
SIT ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की स्टेटस रिपोर्ट, सोमवार को होगी सुनवाई
नई दिल्ली: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में सीलबंद लिफाफे में दाखिल कर दी है। मामले की सुनवाई सोमवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष होगी।
सुप्रीम कोर्ट के समक्ष इस मामले से संबंधित चार अलग-अलग याचिकाएं लंबित हैं, जिन पर एक साथ सुनवाई की जाएगी। 13 जुलाई को हुई पिछली सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित SIT को जांच की प्रगति संबंधी स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।
याचिकाओं में मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की गई है। एक याचिकाकर्ता ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) से ऑडिट कराने का अनुरोध किया है। वहीं अन्य याचिकाओं में ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई की निगरानी में कराने तथा फोरेंसिक ऑडिट कराने की मांग की गई है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर इस मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया था। जांच दल में लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत, आईजी किरण एस. तथा विशेष सचिव (वित्त) नील रतन को शामिल किया गया है।
मामले की जांच के दौरान अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मंदिर में चढ़ावे की नकदी की गिनती और उसके प्रबंधन से जुड़े कार्यों में शामिल थे। इनमें छह कैशियर हैं, जबकि अन्य आरोपी नकदी की निगरानी और बैंक तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाते थे।
अब सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। अदालत के समक्ष प्रस्तुत की गई SIT की स्टेटस रिपोर्ट और याचिकाकर्ताओं की मांगों पर सुनवाई के बाद आगे की दिशा तय होने की संभावना है।


No comments:
Post a Comment