1. पहली बार होगा 30 मिनट का हाफटाइम शो, शकीरा, BTS और कई ग्लोबल स्टार्स बिखेरेंगे जलवा

     नयी दिल्ली: दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट FIFA World Cup 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को अमेरिका के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। रोमांचक मुकाबले के साथ-साथ इस बार फाइनल का आकर्षण एक ऐतिहासिक बदलाव भी होगा। पहली बार फीफा विश्व कप फाइनल में पारंपरिक 15 मिनट के बजाय 30 मिनट का हाफटाइम शो आयोजित किया जाएगा।

    भारत में यह मुकाबला 19-20 जुलाई की मध्यरात्रि 12:30 बजे शुरू होगा। मैच से पहले आयोजित होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी में अमेरिकी गायक पोस्ट मलोन अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि ऑस्कर विजेता गायिका जेनिफर हडसन अमेरिकी राष्ट्रगान प्रस्तुत करेंगी।

    फाइनल के दौरान आयोजित होने वाला विशेष हाफटाइम शो इस बार विश्वभर के संगीत प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा। इस शो में अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार शकीरा अपनी प्रस्तुति देंगी। शकीरा ने इस विश्व कप का थीम सॉन्ग भी तैयार किया था और उद्घाटन समारोह में भी शानदार परफॉर्मेंस दी थी।

    हाफटाइम शो में दक्षिण कोरिया का लोकप्रिय बॉय बैंड BTS भी मंच पर अपनी प्रस्तुति देगा। इसके अलावा विश्व प्रसिद्ध ब्रिटिश रॉक बैंड Coldplay भी अपनी लोकप्रिय धुनों से दर्शकों का मनोरंजन करेगा।

    मनोरंजन का यह सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा। पॉप संगीत की दिग्गज कलाकार मैडोना और अमेरिकी सुपरस्टार जस्टिन बीबर भी इस भव्य शो का हिस्सा होंगे। इनके अलावा कई अन्य अंतरराष्ट्रीय कलाकार और परफॉर्मर भी हाफटाइम तथा मैच के बाद आयोजित विशेष कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

    फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल इस बार केवल फुटबॉल के रोमांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खेल और संगीत के अनोखे संगम के रूप में भी यादगार बनने की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts