शास्त्री नगर धरने में पहुंचे अतुल प्रधान
पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा
मेरठ। शास्त्री नगर के सेंट्रल मार्केट में सेटबैक विवाद को लेकर व्यापारियों का धरना लगातार जारी है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान राहत नहीं मिलने के बाद बुधवार को सरधना विधायक अतुल प्रधान धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे व्यापारियों और महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इस दौरान अतुल प्रधान ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लगातार इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर जनता के बीच उठा रहा है, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रभावित परिवारों की परेशानियों के प्रति संवेदनशील रवैया नहीं अपना रही है।
विधायक ने कहा कि पार्टी स्तर पर भी पीड़ित परिवारों को राहत दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र के मंत्री, विधायक और सांसदों से राष्ट्रपति से समय लेकर प्रभावित लोगों का पक्ष रखने की मांग की। साथ ही कहा कि वह स्वयं भी राष्ट्रपति को पत्र लिखेंगे और अन्य विधायकों से भी इस संबंध में पत्र भेजने का आग्रह करेंगे, ताकि प्रभावित परिवारों को न्याय और राहत मिल सके।
धरना स्थल पर मौजूद व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं विधायक के सामने रखीं और जल्द समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



No comments:
Post a Comment