ब्लैक सी में बढ़ा तनाव: दो अहम समुद्री मार्ग बंद, भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर मंडराया खतरा


यूक्रेन के हमलों के बाद रूस ने डॉन-अज़ोव चैनल और केर्च जलडमरूमध्य पर आवाजाही रोकी, तेल और अनाज की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका

मेरठ। यूक्रेन-रूस युद्ध के बीच वैश्विक समुद्री व्यापार को एक और बड़ा झटका लगा है। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर पहले से बनी अनिश्चितता के बीच अब ब्लैक सी (काला सागर) क्षेत्र में भी संकट गहरा गया है। यूक्रेन के लगातार ड्रोन हमलों के बाद रूस ने अज़ोव सागर से जुड़े दो महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग—डॉन-अज़ोव चैनल और केर्च जलडमरूमध्य—पर आवाजाही रोक दी है। इससे वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल, गेहूं और सूरजमुखी तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

रिपोर्टों के अनुसार, अज़ोव सागर रूस के दक्षिणी हिस्से को ब्लैक सी और वैश्विक समुद्री व्यापार से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। यूक्रेन के बढ़ते हमलों के चलते रूस को इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही सीमित करनी पड़ी है। यूक्रेन की ड्रोन फोर्स का दावा है कि पिछले नौ दिनों में उसने अज़ोव सागर में रूस के 116 जहाजों को निशाना बनाया, जिससे रूस पर दबाव बढ़ गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस समुद्री मार्ग के बाधित होने से केवल तेल ही नहीं, बल्कि रूस के गेहूं और सूरजमुखी तेल के निर्यात पर भी असर पड़ सकता है। रूस दुनिया का सबसे बड़ा गेहूं निर्यातक है और वैश्विक गेहूं निर्यात में उसकी हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत है। ऐसे में आपूर्ति प्रभावित होने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद्यान्न कीमतों पर भी दबाव बढ़ सकता है।

भारत के लिए भी यह स्थिति चिंता का विषय मानी जा रही है। ईरान-इजरायल तनाव के बाद भारत ने रूस से कच्चे तेल का आयात बढ़ाया है। यदि ब्लैक सी क्षेत्र में लंबी अवधि तक बाधा बनी रहती है, तो रूसी तेल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिसका असर भारत की ऊर्जा सुरक्षा और ईंधन कीमतों पर भी पड़ सकता है।

सैटेलाइट तस्वीरों और जहाजों की ट्रैकिंग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, दोनों समुद्री मार्गों के आसपास कई जहाजों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने यूक्रेन की कार्रवाई को "समुद्री डकैती से भी आगे" बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है। वहीं वैश्विक बाजार की नजर अब इस बात पर है कि यह संकट कितना लंबा चलता है और इसका अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर कितना व्यापक प्रभाव पड़ता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts