पूरे उत्तर प्रदेश में लागू होगा मेरठ का कांवड़ मॉडल

सीएम योगी के निर्देश: गूगल मैप से जुड़ा रूट, 6,955 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

मेरठ, 26 जुलाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और अन्य पर्वों की तैयारियों की समीक्षा के दौरान मेरठ जोन की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की सराहना करते हुए मेरठ कांवड़ मॉडल को पूरे उत्तर प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए हैं।

मेरठ जोन में कांवड़ यात्रा के लिए 36 सुपरजोन, 101 जोन और 439 सेक्टर बनाए गए हैं। मुजफ्फरनगर के पुरकाजी से गाजियाबाद के मोहिउद्दीनपुर तक 256 बैरिकेडिंग स्थापित की गई हैं। सुपरजोन की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षकों (सीओ), जोन की जिम्मेदारी निरीक्षकों तथा सेक्टर की जिम्मेदारी चौकी प्रभारियों को सौंपी गई है। इसके अलावा छह अस्थायी थाने और 134 पुलिस चौकियां भी स्थापित की गई हैं।

यात्रा की निगरानी के लिए पुलिस लाइन स्थित एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) बनाया गया है, जिसे 6,955 सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से पूरी कांवड़ यात्रा की लाइव निगरानी की जाएगी। कांवड़ मार्ग को गूगल मैप से जोड़ा गया है, जिससे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मोबाइल के माध्यम से रूट और डायवर्जन की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

प्रशासन ने डीजे और म्यूजिक सिस्टम के लिए भी मानक तय किए हैं। इसके अनुसार, म्यूजिक सिस्टम की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट निर्धारित की गई है।

यात्रियों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए बिजली का करंट लगने, सर्पदंश, आगजनी तथा सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों से निपटने की विशेष व्यवस्था की गई है। कांवड़ मार्ग पर 239 पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम, 74 वॉच टॉवर तथा यूपी-112 की 361 वाहन तैनात किए गए हैं। साथ ही, सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी टीम भी गठित की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला पुलिसकर्मियों को भी कांवड़ियों के बीच तैनात किया जाएगा ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और आवश्यक सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें। प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रदेश में इस मॉडल के प्रभावी क्रियान्वयन से कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाने में सहायता मिलेगी।7

No comments:

Post a Comment

Popular Posts