सुशील मूछ गैंग के ₹50 हजार के इनामी शूटर विकुल उर्फ खूनी का एनकाउंटर
एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, हत्या-रंगदारी समेत 36 मुकदमे थे दर्ज
बागपत, 26जुलाई।बागपत जिले के सिंघावली अहीर-सैड़भर मार्ग पर शनिवार शाम उत्तर प्रदेश एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सुशील मूछ गैंग के ₹50 हजार के इनामी शूटर विकुल उर्फ खूनी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान विकुल ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हुआ। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, विकुल उर्फ खूनी के विरुद्ध हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के 36 मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस का कहना है कि वह शामली जिले के भभीसा निवासी भीम की हत्या और सहारनपुर जिले के मानपुर गांव की प्रधान की हत्या के मामलों में भी आरोपित था। हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद उस पर अपने गांव के एक व्यक्ति से खर्च के लिए रुपये मांगने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा था। इसी मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मुठभेड़ से संबंधित तथ्यों की पुष्टि आगे की आधिकारिक जांच के आधार पर की जाएगी।


No comments:
Post a Comment