सीबीएसई क्लस्टर-19 एथलेटिक्स मीट का समापन, जेपी पब्लिक स्कूल बना ओवरऑल चैंपियन

मवाना (मेरठ), 25 जुलाई। मवाना खुर्द स्थित रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर-19 गर्ल्स एथलेटिक्स मीट का शनिवार को हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जेपी पब्लिक स्कूल, बड़ौत ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।

समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि अर्जुन अवार्डी एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट ओमप्रकाश सिंह, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव मेघराज सिंह, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ओमर तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-19 वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में अंशु ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि 400 मीटर दौड़ में अवनी और गोला फेंक में कनक तोमर ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 4×100 मीटर रिले में देव मेमोरियल पब्लिक स्कूल, गढ़मुक्तेश्वर की टीम विजेता रही।

अंडर-17 वर्ग में 3000 मीटर दौड़ में तनुजा महारा, 400 मीटर दौड़ में संजना बिष्ट तथा 4×100 मीटर रिले में जेपी पब्लिक स्कूल, बड़ौत की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

अंडर-14 वर्ग में लंबी कूद में हिमाद्रि भारद्वाज, गोला फेंक में तेजस्वी कराहना, 400 मीटर दौड़ में नेहल जुनेजा तथा 4×100 मीटर रिले में स्टेप बाय स्टेप स्कूल, गौतमबुद्ध नगर की टीम विजेता रही।

प्रतियोगिता के समापन पर जेपी पब्लिक स्कूल, बड़ौत को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। आयु वर्गवार चैंपियनशिप में डीएम पब्लिक स्कूल, किठौर, सलवान पब्लिक स्कूल, नोएडा, जेपी पब्लिक स्कूल, बड़ौत तथा देव मेमोरियल पब्लिक स्कूल, गढ़मुक्तेश्वर को सम्मानित किया गया। अंडर-14 में हिमाद्रि भारद्वाज, अंडर-17 में खुशी और अंडर-19 में दिया सैनी को बेस्ट एथलीट चुना गया, जबकि सनराइज पब्लिक स्कूल, स्याना की छात्रा खुशी को बेस्ट परफॉर्मर का पुरस्कार मिला।

मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी सिंह, उपप्रधानाचार्य निशांक त्यागी, मार्केटिंग हेड साजन काकरान, प्रशासनिक अधिकारी अनुज नागर तथा क्लस्टर इंचार्ज अमित सूद ने अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं पटका भेंटकर सम्मानित किया।

सीबीएसई पर्यवेक्षक डॉ. संजय चौहान ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी सिंह ने सभी अतिथियों, सीबीएसई पर्यवेक्षक एवं मीट मैनेजर अनु कुमार का आभार व्यक्त किया और खिलाड़ियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन दीक्षा रस्तोगी ने किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts