दीक्षांत समारोह की सफलता टीमवर्क का परिणाम : कुलपति
38वें दीक्षांत समारोह के आयोजन में योगदान देने वाले शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और स्वयंसेवक सम्मानित
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में गुरुवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में धन्यवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में दीक्षांत आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों के सदस्यों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कुलपति ने सभी समितियों के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 38वें दीक्षांत समारोह की सफलता विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिणाम है। प्रत्येक शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी ने अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया, जिससे समारोह गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता केवल एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि पूरी टीम की प्रतिबद्धता, समन्वय और सहयोग से सुनिश्चित होती है। विश्वविद्यालय की सभी समितियों ने आपसी तालमेल के साथ उत्कृष्ट कार्य किया, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम के दौरान दीक्षांत समारोह में सक्रिय भूमिका निभाने वाले स्वयंसेवकों को कुलपति ने प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन, सेवा भावना और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न समितियों के सदस्य और स्वयंसेवक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment