गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया कारगिल विजय दिवस
मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, मेरठ कैंट में शनिवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति तथा सैनिकों के बलिदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने कक्षाओं के नोटिस बोर्ड को तिरंगे, सैनिकों के चित्रों और देशभक्ति के संदेशों से सजाया। "कारगिल के वीर" और "मेरा भारत महान" विषय पर आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए आकर्षक पोस्टर तैयार किए।
कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया तथा कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित ने विद्यार्थियों को कारगिल युद्ध के महत्व और भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस एवं बलिदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें उन वीर जवानों के त्याग और समर्पण की याद दिलाता है, जिनकी बदौलत देश सुरक्षित है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन "भारत माता की जय" के उद्घोष और देशसेवा के संकल्प के साथ हुआ।


No comments:
Post a Comment