राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ का कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न
महिला शक्ति को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर तक विस्तार पर जोर
मेरठ।
राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ, मेरठ की ओर से महिला शक्ति का संदेश घर-घर और बूथ स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिलाओं को संगठन से जोड़ने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के आयोजन में राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश-हरियाणा प्रभारी ऋचा सिंह का विशेष योगदान रहा। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकदल की राष्ट्रीय सचिव, पार्लियामेंट बोर्ड सदस्य एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमा नागर ने कहा कि महिलाएं केवल मतदाता नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष त्रिसपाल मलिक ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष अंजू रानी ने की। उन्होंने कहा कि महिला प्रकोष्ठ गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करेगा तथा महिलाओं को पार्टी में सक्रिय और सम्मानजनक भूमिका दिलाने के लिए कार्य करेगा।
इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्राणी त्यागी ने संगठन विस्तार के तहत राजबाला को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तथा मरियम शाह जिलानी को क्षेत्रीय महासचिव पद का मनोनयन पत्र प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष दीपमाला चौधरी और कुलवंत सोलंकी ने संयुक्त रूप से किया। सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष वीना पुनिया, शिवानी खत्री, कृष्णा, सुनीता मलिक, नीलम तोमर सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
सम्मेलन के समापन पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment