शोभित विश्वविद्यालय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स ने किया पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश
मेरठ, 26 जुलाई।शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत 70 यूपी बटालियन एनसीसी मेरठ के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विश्वविद्यालय परिसर में छायादार, फलदार और पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ मातृ सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों और एनसीसी अधिकारियों ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का संदेश दिया।
कार्यक्रम में निदेशक विधि विभाग प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार शर्मा, डायरेक्टर प्लेसमेंट डॉ. अभिषेक डबास, डॉ. ऋषि यादव और लेफ्टिनेंट (डॉ.) कुलदीप कुमार ने सहभागिता की।
प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति हमारे कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।
डॉ. अभिषेक डबास ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण है। एनसीसी कैडेट्स समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका यह प्रयास जन-जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगा।
डॉ. ऋषि यादव ने विद्यार्थियों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ.) कुलदीप कुमार ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य अनुशासित नागरिक तैयार करने के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार युवा तैयार करना भी है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सेवा, संवेदना और प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश बताया।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और उत्साह के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।
विश्वविद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ — मां के सम्मान में एक पौधा, प्रकृति के नाम हरित और सुरक्षित भविष्य।


No comments:
Post a Comment