बाल -बाल बची शिक्षिका
दिल्ली-दून हाईवे पर कार ट्रक से टकराई,एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा
मेरठ । दौराला में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शुक्रवार दोपहर मटौर कट के पास एक सड़क हादसे में शिक्षिका श्रद्धा मलिक बाल-बाल बच गईं। उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। समय पर एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया और शिक्षिका सुरक्षित रहीं।
हादसा शुक्रवार दोपहर उस समय हुआ जब शिक्षिका श्रद्धा मलिक अपनी ड्यूटी के बाद कार (UP15S7009, हुंडई मॉडल) से घर लौट रही थीं। मटौर कट के पास हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में उनकी कार पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने शिक्षिका को कार से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को ट्रक से अलग कर थाने भिजवाया और शिक्षिका को उनके आवास तक सुरक्षित पहुंचाया। बाद में कार उनके पति को सौंप दी गई।
शिक्षिका श्रद्धा मलिक ने बताया कि हाईवे पर खराब हुए ट्रकों के पीछे अक्सर पर्याप्त संकेतक या बैरिकेडिंग नहीं लगाई जाती, जिससे अन्य वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है।
वहीं, मुजफ्फरनगर निवासी ट्रक चालक अमन ने जानकारी दी कि उनके ट्रक का एक्सल टूटने के कारण उसे हाईवे किनारे मरम्मत के लिए खड़ा किया गया था।
दौराला सीओ प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जानकारी ली गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई तहरीर मिलती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment