के.एल. स्कूल के छात्रों ने ‘शार्क टैंक’ प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान
मेरठ। मेरठ पब्लिक स्कूल, श्रद्धापुरी द्वारा आयोजित ‘शार्क टैंक’ प्रतियोगिता में शहर के 18 प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, नवाचार और समस्या-समाधान क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने स्मार्ट बैग, कॉइन एटीएम, खाद्य एवं नवीकरणीय कटलरी, मेडिसिन मैनेजमेंट सिस्टम तथा दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान पर आधारित विभिन्न तकनीकी मॉडल प्रस्तुत किए।
के.एल. इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा आठ के विद्यार्थियों अभिराज माहेश्वरी, सार्थक त्यागी, रुपाशी विजय और लावण्या धनकर ने ‘फील्डबॉट (FieldBOT)’ नामक स्मार्ट कृषि रोबोट प्रस्तुत किया। इस रोबोट को किसानों की सहायता करने और कृषि कार्यों को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया था।
प्रस्तुति के दौरान निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों से परियोजना से जुड़े कई सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, स्पष्टता और विषय की गहन जानकारी के साथ सभी प्रश्नों के प्रभावशाली उत्तर दिए। उनके शानदार प्रदर्शन ने निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, टीमवर्क, नवाचार, आत्मविश्वास और उद्यमशील सोच के परिणामस्वरूप के.एल. इंटरनेशनल स्कूल ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के प्रबंधक वर्ग एवं प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और नवाचार की भावना उन्हें भविष्य में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।


No comments:
Post a Comment