रथ यात्रा हादसा: करंट से श्रद्धालु की मौत, चौकी प्रभारी निलंबित
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मेरठ, 25 जुलाई।परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक श्रद्धालु की मौत और कई लोगों के झुलसने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। लापरवाही के आरोप में कस्बा चौकी प्रभारी राजकुमार को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रथ यात्रा के दौरान रथ का ध्वज ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे अचानक करंट फैल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई श्रद्धालु करंट की चपेट में आ गए।
घटना में श्रद्धालु सचिन की मौत हो गई, जबकि करीब 16 श्रद्धालु झुलस गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर परीक्षितगढ़ कस्बा चौकी प्रभारी राजकुमार को निलंबित किया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।
इस घटना ने धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा इंतजामों, बिजली लाइनों की निगरानी और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


No comments:
Post a Comment