यूपी पुलिस के कांस्टेबल की मां की गला रेतकर बेरहमी से हत्या!

 घर से जेवर गायब, पूरे इलाके में मची दहशत!

मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर में बुधवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यूपी पुलिस के एक कांस्टेबल की 68 वर्षीय मां फूल समंदरी की अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस प्रारंभिक जांच में लूटपाट के विरोध में हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, फूल समंदरी अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह जब पड़ोसियों को उनके घर से कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी तो उन्होंने अंदर जाकर देखा। वहां उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना पर परीक्षितगढ़ थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मृतका के गले से सोने की चेन और कानों के कुंडल गायब मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला लूटपाट के विरोध में की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है।

घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा।

मृतका की बेटी ने भी कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मोहल्ले के कुछ व्यक्तियों द्वारा पूर्व में उनकी मां को प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने पुलिस से उन लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और संभावित संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts