स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ

 राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने किया पौधरोपण और बच्चों का स्वागत

मेरठ। प्राथमिक विद्यालय सेतकुआं, विकास क्षेत्र खरखौदा में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण, वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 "एक पेड़ मां के नाम", वन महोत्सव तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने किया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया, उन्हें स्कूल बैग, स्टेशनरी एवं उपहार वितरित किए गए तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। जिलाधिकारी ने राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और प्लांटर भेंट कर सम्मान किया।

राज्यमंत्री और जिलाधिकारी ने कक्षा एक में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक कर स्वागत किया तथा उन्हें स्कूल बैग, स्टेशनरी और टॉफी-चॉकलेट वितरित की। इसके बाद विद्यालय परिसर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण किया गया और संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को हलवा खिलाकर विद्यालय के वातावरण से जोड़ने का प्रयास किया गया। बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा के महत्व के प्रति प्रेरित किया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें मोहम्मद साबिर खान,  मनजीत कौर, चित्रा वर्मा,  पिंकी तथा शकील अहमद अंसारी शामिल रहे। विद्यालय के विकास में विशेष सहयोग देने पर ग्राम प्रधान को भी सम्मानित किया गया।जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सेतकुआं को उसकी बेहतर शैक्षिक गुणवत्ता के आधार पर मॉडल विद्यालय घोषित किया। मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने बच्चों से संवाद कर उनकी शैक्षिक उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें पुरस्कृत किया।खंड शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विकासखंड के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी वंदना फोगाट, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी, बीडीओ बृजेश सिंह, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, स्वास्थ्य एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts