मेरठ बनेगा देश के दूसरे भव्य अग्रोहा धाम का केंद्र : विनीत अग्रवाल शारदा

अमरोहा से शुरू हुआ श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का प्रदेशव्यापी संगठन विस्तार अभियान

गजरौला/मेरठ। भाजपा के वरिष्ठ नेता, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने अमरोहा जनपद के गजरौला से ट्रस्ट के प्रदेशव्यापी संगठन विस्तार अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि मेरठ में देश का दूसरा भव्य अग्रोहा धाम तेजी से आकार ले रहा है, जो भविष्य में राष्ट्रसेवा, सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और अग्रवाल समाज के संगठन का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन सेवा, समरसता, उद्यमिता और राष्ट्रनिर्माण के प्रेरणास्रोत हैं। आज आवश्यकता है कि अग्रवाल समाज अपनी सामाजिक, आर्थिक और संगठनात्मक शक्ति को राष्ट्रहित में संगठित करे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, निवेश, उद्योग, आधारभूत संरचना तथा व्यापारिक वातावरण में हुए बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश आज विकास की नई पहचान बना है।

विनीत शारदा ने बताया कि मेरठ में निर्माणाधीन अग्रोहा धाम में महाराजा अग्रसेन मंदिर, माँ लक्ष्मी मंदिर, शिव-पार्वती परिवार मंदिर, 51 फीट ऊँची हनुमान प्रतिमा, 72 स्टूडियो अपार्टमेंट वाला वीवीआईपी वृद्धाश्रम, 50 बेड का आधुनिक अस्पताल तथा 1500 से 2000 लोगों की क्षमता वाले दो विशाल सभागार बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह परिसर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और राष्ट्रचेतना का केंद्र बनेगा।

उन्होंने अगले एक माह में पूरे उत्तर प्रदेश में प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिला इकाइयों के गठन का लक्ष्य घोषित करते हुए बताया कि संगठन विस्तार अभियान की शुरुआत अमरोहा से हुई है और इसके बाद रामपुर, बिलासपुर, मुरादाबाद सहित प्रदेश के सभी जिलों में अभियान चलाया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता धनोरा मंडी के चेयरमैन परवीन अग्रवाल ने की। इस अवसर पर ट्रस्टी राजीव मित्तल, दीपक गुप्ता, रामप्रकाश गर्ग, अवनीश अग्रवाल, सोनू गर्ग, कपिल कुमार सिंगल, विशाल गर्ग, डॉ. दीपक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के व्यापारी, समाजसेवी एवं युवा उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts