6 माह से बंद पड़ा टाउन हॉल पार्किंग का शौचालय तत्काल शुरू कराया जाए
घंटाघर आने वाले व्यापारियों, महिलाओं व वाहन चालकों को हो रही भारी परेशानी, नगर निगम से शीघ्र कार्रवाई की मांग
मेरठ। घंटाघर स्थित टाउन हॉल पार्किंग परिसर में व्यापारियों, महिलाओं एवं वाहन चालकों की सुविधा के लिए मेरठ नगर निगम द्वारा लगभग छह माह पूर्व आधुनिक शौचालय एवं यूरिनल का निर्माण कराया गया था। यह सुविधा मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन, वेली बाजार एवं खैरनगर बाजार के व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर बनाई गई थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद आज तक इसे आमजन के लिए शुरू नहीं किया गया है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम के सुपरवाइजर सगीर के पास शौचालय की चाबी है और उनका कहना है कि महापौर द्वारा उद्घाटन के बाद ही इसे खोला जाएगा। व्यापारियों का मानना है कि जनहित से जुड़ी मूलभूत सुविधा को केवल औपचारिक उद्घाटन के इंतजार में बंद रखना उचित नहीं है।
घंटाघर स्थित टाउन हॉल पार्किंग मेरठ शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों की जीवनरेखा मानी जाती है। प्रतिदिन 100 से 500 किलोमीटर दूर-दराज़ से आने वाले व्यापारी अपने वाहन इसी पार्किंग में खड़े कर वेली बाजार, खैरनगर बाजार, लाला का बाजार, दवा बाजार सहित आसपास के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में कारोबार के लिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में महिलाएं, वाहन चालक एवं आम नागरिक भी इस पार्किंग का उपयोग करते हैं।
व्यापारियों ने बताया कि लंबी यात्रा के बाद सबसे पहले स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की आवश्यकता होती है, लेकिन यह सुविधा उपलब्ध न होने के कारण लोगों को भारी असुविधा उठानी पड़ रही है। बाहर से आने वाले व्यापारियों पर इससे शहर की छवि भी प्रभावित होती है। उनका कहना है कि स्वच्छ एवं सुलभ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या अधिकारी की शिकायत करना नहीं, बल्कि जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय का समाधान कराना है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन एवं महापौर से आग्रह किया है कि औपचारिक उद्घाटन की प्रतीक्षा किए बिना शौचालय को तत्काल जनता के लिए चालू कराया जाए। साथ ही इसकी नियमित साफ-सफाई, रखरखाव एवं संचालन के लिए स्थायी कर्मचारी और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि व्यापारियों, महिलाओं, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम इस जनहित के मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निर्णय लेगा और छह माह से बंद पड़ी इस सुविधा को आम जनता के लिए तत्काल शुरू करेगा।


No comments:
Post a Comment