विश्व जनसंख्या दिवस पर जिला महिला चिकित्सालय में गूंजा परिवार नियोजन का संदेश
जनसंख्या नियंत्रण एवं छोटे, सुखी परिवार के संकल्प के साथ समाजसेवियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का हुआ सम्मान
मेरठ, 11 जुलाई। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय, मेरठ में जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जनसंख्या वृद्धि की चुनौतियों पर चर्चा करना तथा भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित परिवार कल्याण योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए लोगों को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मीनाक्षी सिंह ने की। इस अवसर पर डॉ. राजेश कुमार, डॉ. सुधीर कुमार (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. सर्वजीत सिंह कपूर (वाइस प्रेसिडेंट, रेडक्रॉस सोसाइटी, मेरठ), डॉ. सूची गुप्ता (अध्यक्ष, राष्ट्रीय सनातन धर्म ट्रस्ट, मेरठ), हरपाल सिंह (डीपीएम, एनएचएम, मेरठ), डॉ. योगिता करवाल (स्त्री रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. प्रशांत कुमार (वरिष्ठ परामर्शदाता) सहित अनेक चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हॉस्पिटल मैनेजर मिस संगीता एवं फार्मासिस्ट राकेश कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारत विश्व का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बन चुका है। ऐसे में परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का विषय नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तिकरण और परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से परिवार नियोजन संबंधी सेवाएँ और जागरूकता समुदाय स्तर तक पहुँचाई जा रही हैं। जिला महिला चिकित्सालय में कॉपर-टी, महिला नसबंदी एवं पुरुष नसबंदी सहित सभी परिवार नियोजन सेवाएँ नियमित रूप से उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने विशेष रूप से पुरुषों से भी परिवार नियोजन की जिम्मेदारी निभाने और पुरुष नसबंदी के प्रति आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में परिवार नियोजन अपनाने वाली महिलाओं को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही जनपद में परिवार नियोजन कार्यक्रम को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों, स्वास्थ्य कर्मियों, चिकित्सकों एवं प्रेरकों को सम्मान अवार्ड एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि जन-जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से छोटे, स्वस्थ, समृद्ध एवं खुशहाल परिवार के निर्माण का लक्ष्य और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।



No comments:
Post a Comment