कांवड़ यात्रा की तैयारियों की डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा

 बाबा औघड़नाथ मंदिर में अधिकारियों और मंदिर समिति के साथ बैठक

मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर रविवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने बाबा औघड़नाथ मंदिर परिसर में मंदिर समिति के सदस्यों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी योजना के अनुरूप कार्य किया जाए।

बैठक के दौरान मंदिर समिति के सदस्यों ने भी अपनी आवश्यकताओं एवं सुझावों से अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त सौरव गंगवार, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बाबा औघड़नाथ मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts