कारगिल विजय दिवस पर एनसीआरटीसी ने वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि

मेरठ। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में एनसीआरटीसी ने शनिवार को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कारगिल युद्ध के वीर सैनिक एवं 4 जाट रेजिमेंट के पूर्व अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) राजेश त्यागी रहे। सेना मेडल से सम्मानित कर्नल त्यागी ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण हर नागरिक का दायित्व है।

इस अवसर पर स्कूली छात्रों के लिए "गार्डिंग द बॉर्डर्स" विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात सैनिकों के साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतियोगिता में बनाई गई चयनित चित्रकलाओं को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर यात्रियों के अवलोकन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।

कार्यक्रम में युवा बैंड 'अभिगर्व' ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। उपस्थित लोगों ने सैनिकों के पराक्रम और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

एनसीआरटीसी ने बताया कि नमो भारत स्टेशनों को केवल आवागमन का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के मंच के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। कारगिल विजय दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय गौरव, सैनिकों के प्रति सम्मान और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts