मेरठ में दुस्साहस: मदरसे से लौट रही छात्राओं से छेड़छाड़, विरोध करने पर भाई को सड़क पर बेल्ट व तमंचे की बट से पीटा
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्याम नगर में मदरसे से लौट रही दो सगी बहनों से छेड़छाड़ का विरोध करना उनके भाई को भारी पड़ गया। मनचले युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित भाई को बीच सड़क पर घेर लिया और लात-घूंसों, बेल्ट तथा तमंचे की बट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जागी पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घर पर शिकायत करने गया था भाई
अहमदनगर निवासी पीड़ित युवक ने बताया कि उसकी दो छोटी बहनें श्याम नगर स्थित एक मदरसे में पढ़ने जाती हैं। आरोप है कि मोहल्ले के ही तोहिद और रागिब नामक युवक आए दिन आते-जाते समय छात्राओं से छेड़छाड़ करते थे। परेशान होकर छात्राओं ने घर पहुंचकर भाई को आपबीती बताई। इसके बाद भाई आरोपियों के घर उलाहना (शिकायत) देने गया था।
बीच सड़क पर घेरा, दोस्त को भी पीटा
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत से भड़के तोहिद, रागिब और उनके साथियों ने रविवार को उसके घर के बाहर धावा बोल दिया। आरोपियों ने उसे बीच सड़क पर घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान बेल्ट से वार किए गए और एक आरोपी ने तमंचे की बट से सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की। शोर मचने पर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस: पीड़ित का आरोप है कि उसने 4 जुलाई को ही लिसाड़ी गेट थाने में नामजद तहरीर दी थी, लेकिन तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार रात जब इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब जाकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा और मामले का संज्ञान लिया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश
लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी तोहिद और रागिब के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।


No comments:
Post a Comment