देर रात भूकंप से हिली जम्मू-कश्मीर की धरती, मणिपुर में भी दो बार लगे झटके
श्रीनगर/इम्फाल। भारत के अलग-अलग हिस्सों में भूकंप आने का सिलसिला जारी है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बारामूला में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसके कुछ ही घंटों बाद सोमवार सुबह उत्तर-पूर्वी राज्य मणिपुर में भी दो बार धरती हिली। हालांकि, गनीमत यह रही कि इन दोनों ही राज्यों से अब तक जान-माल के किसी बड़े नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है।
बारामूला में रात 2 बजे कांपी धरती
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सोमवार तड़के करीब 2:00 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गई। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर 10 किलोमीटर की गहराई पर था। देर रात अचानक आए इन झटकों के कारण कई लोग नींद से जाग गए और एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। इससे पहले बीते 25 जून को भी पुलवामा में 3.5 तीव्रता का भूकंप आया था।
मणिपुर में एक घंटे के भीतर दो बार आया भूकंप
जम्मू-कश्मीर के बाद सोमवार सुबह मणिपुर में भी एक के बाद एक दो भूकंपीय झटके दर्ज किए गए:
पहला झटका: सुबह 6:32 बजे कामजोंग जिले में महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 थी। इसका केंद्र जमीन से 80 किलोमीटर की गहराई में था।
दूसba झटका: ठीक 51 मिनट बाद सुबह 7:23 बजे तेंगनौपाल जिले में आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.4 मापी गई और इसका केंद्र धरती से 90 किलोमीटर नीचे था।
क्यों आते हैं भूकंप? भू-वैज्ञानिकों के अनुसार, जमीन के अंदर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटें (Tectonic Plates) लगातार बेहद धीमी गति से घूमती रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, एक-दूसरे पर दबाव बनाती हैं या खिसकती हैं, तो उनके कोनों पर घर्षण के कारण ऊर्जा जमा होने लगती है। जब यह ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, तो फॉल्ट लाइन के रूप में तरंगें पैदा होती हैं, जिससे धरती पर भूकंप के झटके महसूस होते हैं।


No comments:
Post a Comment