प्रियंका गांधी से मिलने मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं सोनिया गांधी
पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन के बाद विपक्षी नेताओं को लिया गया था हिरासत में
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष के प्रदर्शन के बाद हिरासत में ली गई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मिलने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार देर रात मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं। थाने के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया था। सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने, राहुल गांधी को छत्रसाल स्टेडियम, जबकि अन्य कई सांसदों को किंग्सवे कैंप क्षेत्र में रखा गया था।
इस बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि छात्रों के न्याय की लड़ाई को रोका नहीं जा सकता। विपक्षी नेता शिक्षा से जुड़े मुद्दों, परीक्षा प्रणाली और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात कर बातचीत की, लेकिन कांग्रेस नेताओं के अनुसार वार्ता किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। पार्टी अपनी मांगों पर कायम रही। बाद में हिरासत में लिए गए सभी प्रमुख विपक्षी नेताओं को रिहा कर दिया गया।


No comments:
Post a Comment