डीएम के आश्वासन पर खत्म हुआ किसानों का छह घंटे का धरना

2,000 से अधिक किसानों ने कलेक्ट्रेट घेरा, 1 सितंबर को महापंचायत का ऐलान

मेरठ। अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को 2,000 से अधिक किसानों ने कमिश्नरी और कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। किसानों ने करीब छह घंटे तक धरना दिया। शाम को जिलाधिकारी के मौके पर पहुंचकर वार्ता करने और मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

सुबह करीब 11:15 बजे किसान कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए कमिश्नर कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

कुछ देर बाद कमिश्नर के प्रतिनिधि ने किसानों से ज्ञापन लिया। इसके बाद किसान हाथों में ज्वार की फसल लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और ट्रैक्टर खड़े कर धरने पर बैठ गए। किसानों ने कहा कि जब तक जिलाधिकारी स्वयं आकर उनकी समस्याएं नहीं सुनेंगे, तब तक धरना जारी रहेगा।

शाम करीब 5:30 बजे जिलाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से वार्ता की और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने एडीएम सिटी बृजेश सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपना धरना समाप्त कर दिया।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो 1 सितंबर को कमिश्नरी पर महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रशासन से मांगों की प्रगति का हिसाब मांगा जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts