बारिश का कहर: नोएडा में बिल्डिंग का हिस्सा ढहा, रोहिणी में इमारत गिरने से तीन की मौत
सेक्टर-62 स्थित iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला; दिल्ली-एनसीआर में रेड अलर्ट के बीच जनजीवन अस्त-व्यस्त
नोएडा/नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब हादसों के रूप में भी सामने आने लगा है। गुरुवार को नोएडा के सेक्टर-62 स्थित iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। भारी मलबा सीधे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर आ गिरा, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना थाना सेक्टर-58 क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार बारिश के बीच अचानक तेज आवाज के साथ बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा ढह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और प्रभावित क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। बिल्डिंग के क्षतिग्रस्त हिस्से का तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है।
उधर, दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार शाम भारी बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई। पूरी रात चले राहत एवं बचाव अभियान में मलबे से दो और शव निकाले गए। एक मजदूर को जीवित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान दर्जी राम (42), मजदूर काफे उर्फ नुरुल (24) और इमारत मालिक के पिता राम दुआ (62) के रूप में हुई है। हादसे के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 से 48 घंटे तक भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, लंबा ट्रैफिक जाम और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। नोएडा और दिल्ली में सामने आए ये हादसे बारिश के बीच भवनों की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment