बेकाबू कार का कहर, बाइक सवार युवक को घसीटते हुए कुचला,मौत

मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गूजर चौक पर तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि कार युवक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया, जबकि गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया।

मृतक की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज गति से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक वाहन रोकने के बजाय युवक को काफी दूर तक घसीटता रहा। गंभीर चोटों के कारण संजय कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

अस्पताल पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और कार्रवाई का भरोसा दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार कार चालक और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts