ससुराल पहुंचे युवक और तीन वर्षीय बेटे की संदिग्ध हालात में मौत

जहरीला पदार्थ खिलाने और खुद सेवन करने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बीच एक युवक और उसके तीन वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक शुक्रवार देर रात अपनी ससुराल पहुंचा, जहां बेटे को साथ ले जाने के बाद दोनों की हालत बिगड़ गई। अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम और उसके पिता दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार परीक्षितगढ़ निवासी कपिल (28) की शादी करीब पांच वर्ष पहले किठौर थाना क्षेत्र के शकरपुर निवासी काजल से हुई थी। दंपती के एक तीन वर्षीय बेटे और एक बेटी है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। तीन जुलाई को काजल अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए बच्चों के साथ मायके आई हुई थी।

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात कपिल ससुराल पहुंचा और बेटे को अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद बच्चा गंभीर हालत में वापस घर पहुंचा, जिसके मुंह से झाग निकल रहे थे। वहीं कुछ दूरी पर कपिल भी अचेत अवस्था में पड़ा मिला। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि कपिल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक ने कथित तौर पर पहले बेटे को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच पूरी होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts