हॉकी इंडिया की जर्सी का रंग बदलने पर भड़कीं प्रियंका गांधी
सरकार और आरएसएस पर साधा निशानानई दिल्ली (एजेंसी)।भारत की राष्ट्रीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग नीले से बदलकर भगवा किए जाने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, चाहे वे जर्सी का रंग बदलें या शिक्षा नीति के जरिये इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश करें, वे चाहे जो भी करें। आपने देखा है कि हमारे देश के युवा क्या सोचते हैं। आपने जंतर-मंतर पर जुटे युवाओं की बात सुनी है। यह देश की आवाज है।
प्रियंका गांधी ने कहा, अहिंसा और सत्य पर इस देश की आजादी की लड़ाई की नींव रखी गई थी। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की कोई भूमिका नहीं थी। पूरा देश इस सच्चाई को जानता है। जिन लोगों को नहीं पता था, उनको आज पता चल रहा कि इनकी नीयत क्या है।
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने आंदोलन का नेतृत्व किया था। इस देश की आत्मा अहिंसा, सत्य और भाईचारे पर आधारित है। इसे कोई नहीं छीन सकता, न आरएसएस और न ही कोई और। वे चाहे जितना भी समाज में विभाजन पैदा करें, हिंसा भड़काएं या नफरत फैलाएं, लेकिन देश की आत्मा कायम रहेगी, जो भाईचारे, आपसी प्रेम और एकता से बनी है। वे इसे खत्म नहीं कर सकते।


No comments:
Post a Comment