सांपकांड में नींद की गोलियां देने वाला डॉक्टर गिरफ्तार

दो साल पहले बंद हो चुका था क्लीनिक, अब चला रहा था फास्टफूड सेंटर

मेरठ। हस्तिनापुर के चर्चित सांपकांड मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दामिनी और तुषार को नींद की गोलियां उपलब्ध कराने के आरोप में झोलाछाप डॉक्टर रोहित को शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोप है कि डॉक्टर ने बिना चिकित्सकीय पर्चे के नींद की दवाएं उपलब्ध कराई थीं, जिनका इस्तेमाल अतुल को बेहोश करने के लिए किया गया।

पुलिस के अनुसार, इन्हीं गोलियों को दूध में मिलाकर दामिनी ने अपने पति अतुल को बेहोश किया था। इसके बाद प्रेमी तुषार और सपेरों की मदद से जहरीले करैत सांप से डसवाकर अतुल की हत्या की साजिश रची गई। पुलिस अब मामले में आरोपी डॉक्टर की भूमिका की गहन जांच कर रही है और मुकदमे में अन्य धाराएं बढ़ाने की तैयारी में है।

तुषार के संपर्क में आया था डॉक्टर

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर रोहित हस्तिनापुर में तुषार पायला के घर में किराए पर रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई। शुरुआत में तुषार ने नींद नहीं आने की समस्या बताकर रोहित से दवाएं लीं। बाद में कथित तौर पर हत्या की योजना के तहत उसने 10 से अधिक नींद की गोलियां लेकर दामिनी को दीं।

क्लीनिक बंद होने के बाद खोल लिया था फास्टफूड सेंटर

पुलिस के मुताबिक, रोहित पहले हस्तिनापुर के बंगाली बाजार में क्लीनिक चलाता था। करीब दो वर्ष पहले एक महिला को गलत इंजेक्शन लगाने के आरोप के बाद विवाद हुआ था, जिसके बाद उसका क्लीनिक बंद हो गया। इसके बाद उसने उसी स्थान पर फास्टफूड सेंटर शुरू कर लिया था।

स्वास्थ्य विभाग अब उसके चिकित्सा संबंधी रिकॉर्ड और दवाओं की उपलब्धता की जांच करेगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसने किन परिस्थितियों में नींद की गोलियां उपलब्ध कराईं।

रोहित है स्थानीय वार्ड सभासद

पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित स्थानीय वार्ड सभासद भी है और वर्ष 2022 में निर्वाचित हुआ था। उसके पुराने रिकॉर्ड और मेडिकल प्रैक्टिस से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अतुल हत्याकांड में जहरीले करैत सांप के इस्तेमाल को देखते हुए मुकदमे में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। साथ ही बिना पर्चे के दवाएं उपलब्ध कराने के मामले में आरोपी डॉक्टर की भूमिका की अलग से जांच जारी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts