इंटेलीस्मार्ट ने मेरठ में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की
मेरठ । डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर ने स्मर्ट मीटरिंग और ऊर्जा क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के मेरठ में अपने दूसरे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की है। इससे पहले कंपनी ने 5 जून 2025 को दादरी (उत्तर प्रदेश) में पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया था, जहां अब तक 1,630 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मेरठ स्थित यह नया सेंटर युवाओं को स्मार्ट मीटरिंग से जुड़े तकनीकी कार्यों का व्यावहारिक एवं निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करेगा। प्रशिक्षण में उपभोक्ता मीटर, डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर मीटर और फीडर मीटर की स्थापना एवं कॉन्फ़िगरेशन, उपभोक्ता इंडेक्सिंग, संचालन एवं रखरखाव, व्यवहारिक कौशल तथा दो दिवसीय प्रमाणन प्रक्रिया शामिल होगी।
इंटेलीस्मार्ट के एमडी एवं सीईओ श्री अनिल रावल ने कहा कि भारत का ऊर्जा परिवर्तन केवल तकनीक के बल पर सफल नहीं होगा। इसकी वास्तविक सफलता उन लोगों पर निर्भर करेगी, जो इन तकनीकों को प्रभावी ढंग से लागू कर सकें, उनका संचालन कर सकें और उन्हें बड़े स्तर पर विस्तार दे सकें। भारत जब 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और 25 करोड़ स्मार्ट मीटर इंस्टॉल करने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है, तब हम उस मानव संसाधन में निवेश कर रहे हैं जो इन दोनों लक्ष्यों को साकार करेगा। हमारा उद्देश्य नई पीढ़ी के ऊर्जा पेशेवरों को ऐसे मिशन-क्रिटिकल कौशल से प्रशिक्षित करना है, जिनकी इस ऊर्जा परिवर्तन के लिए आवश्यकता है और जो उन्हें दीर्घकालिक एवं सार्थक करियर के अवसर भी प्रदान करेंगे।
कंपनी का उद्देश्य ऐसे प्रशिक्षित और प्रमाणित तकनीशियनों को तैयार करना है, जो भारत के ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से बढ़ती स्मार्ट मीटरिंग परियोजनाओं, रूफटॉप सोलर, नवीकरणीय ऊर्जा एकीकरण तथा भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। इस एक्सलेंस सेंटर के उद्घाटन मौके पर बतौर मुख्य अतिथि आए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता, वाणिज्य एवं एएमआईएसपी के नोडल अधिकारी
प्रमोद कुमार सिंह ने इंटेलीस्मार्ट के इस पहल की सराहना की। साथ ही उन्होंने कहा कि अब भविष्य स्मार्ट मीटर का है। ऐसे में जब इंटेलीस्मार्ट के द्वारा आप लोगों के लिए सेंटर ऑफ एक्सलेंस के माध्यम से मुफ्त तकनीकि प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है और आप लोगों को मौका मिल रहा है तो जितना सीख सकते हैं सीखें। सवाल जवाब करें, ज्यादा से ज्यादा सीखने का प्रयास करें। स्मार्टनेस से ही चीजें आगे बढ़ेंगी।
यह प्रशिक्षण देशभर के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के उन युवाओं के लिए उपलब्ध है, जिन्होंने आईटीआई, डिप्लोमा या बी.टेक की शिक्षा प्राप्त की है। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण और मूल्यांकन पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इसके बाद उन्हें अपनी पसंद के किसी भी एएमआईएसपी के साथ या इंटेलीस्मार्ट में मीटर इंस्टॉलर के रूप में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।


No comments:
Post a Comment