होटल-जिम संचालकों की बैठक में प्रशासन से एनओसी प्रक्रिया आसान बनाने की मांग
मेरठ। वेदव्यासपुरी स्थित मीनार होटल में शुक्रवार को होटल और जिम संचालकों की बैठक आयोजित की गई। दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक चली इस बैठक में प्रशासन द्वारा होटलों पर प्रस्तावित कार्रवाई और सराय एक्ट के तहत पंजीकरण समेत अन्य नियमों को लेकर चर्चा की गई। बैठक का संचालन वेदव्यासपुरी व्यापार संघ के उपाध्यक्ष आशीष चौधरी ने किया।
बैठक में मौजूद होटल संचालकों ने कहा कि मेरठ प्रशासन की ओर से 29 जून को एडीएम सिटी बृजेश सिंह द्वारा होटल संचालकों को नियमों का पालन करने और कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद सभी होटल संचालक एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे सराय एक्ट के तहत पंजीकरण कराने और सभी निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए आवश्यक सात विभागों की एनओसी प्राप्त करने में प्रशासन सहयोग करे और जहां संभव हो वहां नियमानुसार राहत भी प्रदान की जाए।
व्यापारी नेता शैंकी वर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि व्यापारी कानून का पालन करना चाहते हैं, लेकिन उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी आतंकवादी नहीं हैं, इसलिए प्रशासन को संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए और व्यापारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।
उन्होंने एक अधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा व्यापारियों को जेल भेजने जैसी धमकियां दी जाएंगी तो व्यापारी उसका भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के साथ ऐसा रवैया जारी रहा तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में व्यापार संघ के अध्यक्ष योगेंद्र जाटव, संरक्षक मुकेश गुप्ता, मोहित कराहना, प्रदीप कुमार, प्रवेश यादव, सुभाष मलिक, संदीप कुमार, सोनू गुज्जर, रोहन अरोड़ा, मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा, जिला पंचायत सदस्य सुमित प्रधान सहित बड़ी संख्या में होटल एवं जिम संचालक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment