"हमने कभी भाषा को हमारे बीच की दीवार नहीं बनने दिया": आरती बिराजदार ने साझा की 'थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान' के सेट की खूबसूरत कहानी
भोपाल/लखनऊ, जुलाई 2026: किसी भी शो की सफलता सिर्फ उसकी कहानी या कलाकारों पर ही नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे काम करने वाली टीम की आपसी समझ और तालमेल पर भी निर्भर करती है। सन नियो के नए शो 'थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान' के सेट पर भी कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिलता है। शो में वैदेही का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री आरती बिराजदार ने बताया कि अलग-अलग राज्यों और भाषाई पृष्ठभूमि से आने के बावजूद पूरी टीम एक परिवार की तरह मिलकर काम करती है।
आरती बिराजदार ने सेट के अनुभव साझा करते हुए कहा, "हमारे सेट पर अलग-अलग जगहों के लोग काम करते हैं। कुछ लोग मुंबई से हैं, जबकि कई कलाकार और तकनीशियन कोल्हापुर और महाराष्ट्र के अन्य शहरों से जुड़े हैं। चूंकि फिलहाल हमारी शूटिंग कोल्हापुर में हो रही है, इसलिए सबसे खूबसूरत बात यह है कि मुंबई से आए हमारे साथी हर दिन मराठी सीखने की कोशिश करते हैं। वे रोज़ नए मराठी शब्द सीखते हैं और उन्हें बातचीत में इस्तेमाल भी करते हैं। उनका यह उत्साह और सीखने की इच्छा देखकर बेहद अच्छा लगता है।"
उन्होंने आगे कहा, "मेरे लिए सबसे खास बात यह है कि हमने कभी भाषा को हमारे बीच की दीवार नहीं बनने दिया। मैं मराठी परिवार से हूँ, लेकिन शो में हिंदी बोलने वाला किरदार निभा रही हूँ और पूरी टीम ने हर कदम पर मेरा साथ दिया है। हमारी टीम में मुंबई के लोग भी हैं और कोल्हापुर व महाराष्ट्र के स्थानीय कलाकार और तकनीशियन भी। इसके बावजूद हम सभी एक परिवार की तरह काम करते हैं। हम कहीं से भी आए हों या कोई भी भाषा बोलते हों, हमारा उद्देश्य एक ही है और हम पूरे दिल से इस शो को बेहतर बनाने के लिए साथ काम कर रहे हैं।"
'थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान' एक साधारण लड़की की प्रेरणादायक कहानी है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस जुटाती है। यह कहानी दर्शाती है कि हिम्मत, मेहनत और खुद पर विश्वास हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
'थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान' का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार, शाम 7:30 बजे, सिर्फ सन नियो पर किया जाता है।


No comments:
Post a Comment