हर छात्रा बनेगी फ्यूचर लीडर' अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक

बेटियां फाउंडेशन व सेंटीनेक्स्ट फाउंडेशन ने आयोजित किया महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम

मेरठ। बेटियां फाउंडेशन एवं सेंटीनेक्स्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बुढ़ाना गेट में "फ्यूचर लीडर्स एंड वुमन एम्पावरमेंट मिशन" विषय पर जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, करियर योजना और जीवन कौशल के प्रति जागरूक कर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना था।

कार्यक्रम में सेंटीनेक्स्ट फाउंडेशन के संस्थापक अरनव मित्तल (न्यू जर्सी, अमेरिका) ने छात्राओं को नेतृत्व विकास, आत्मविश्वास और लक्ष्य निर्धारण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और सकारात्मक सोच से प्रत्येक छात्रा अपने जीवन में सफलता का मुकाम हासिल कर सकती है।

बेटियां फाउंडेशन की अध्यक्ष अंजु पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभागी छात्राओं को "बेटियां फ्यूचर लीडर्स पासपोर्ट बुक" प्रदान की गई। यह पासपोर्ट बुक वर्षभर छात्राओं की प्रशिक्षण गतिविधियों, कार्यशालाओं, नेतृत्व कार्यक्रमों, सामुदायिक सेवा और उपलब्धियों का रिकॉर्ड संजोएगी तथा उनके व्यक्तिगत विकास पोर्टफोलियो के रूप में कार्य करेगी।

फाउंडेशन की समन्वयक कुसुम शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को केवल प्रमाण-पत्र तक सीमित न रखकर उन्हें दीर्घकालिक मार्गदर्शन, नेतृत्व विकास और सामाजिक सहभागिता से जोड़ना है।

कार्यक्रम में बबीता कटारिया ने कहा कि "आज की जागरूक छात्रा ही कल की सशक्त महिला और भविष्य की नेतृत्वकर्ता बनेगी।" उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं के सपनों को दिशा देने और उन्हें भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार करने की महत्वपूर्ण पहल है।

कॉलेज के प्रधानाचार्य ने बेटियां फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में नीरा गुप्ता, शाहीन, आकांक्षा, आकृति विनायक सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts