उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में पेपर लीक, इंजीनियरिंग के दो पेपर रद्द
देहरादून। देशभर में पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों के बीच उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूटीयू) में इंजीनियरिंग के दो प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रश्नपत्र तैयार करने वाले एक शिक्षक ने परीक्षा से मिलते-जुलते सवाल व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए छात्रों तक पहुंचा दिए। मामले का खुलासा होने के बाद विश्वविद्यालय ने दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी हैं और जांच शुरू कर दी है।
आरोपी शिक्षक आशीष कुमार शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में सहायक प्रोफेसर हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले छात्रों को प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते करीब 90 प्रतिशत सवाल भेजे थे। शिकायत मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने मामले की जांच कर दोनों विषयों की परीक्षाएं निरस्त कर दीं। शिक्षक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर ने बताया कि आरोपी शिक्षक को आगामी सात वर्षों तक विश्वविद्यालय की किसी भी परीक्षा संबंधी गतिविधि से प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने संबंधित कॉलेज से भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। कुलपति के अनुसार, जांच में एक अन्य पेपर के भी पहले से लीक होने की पुष्टि हुई, जिसके चलते उसे भी रद्द कर दिया गया।
विश्वविद्यालय ने बताया कि दोनों विषयों की दोबारा परीक्षा अगस्त में आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तिथियां जल्द जारी की जाएंगी। पेपर लीक की घटना के बाद उच्च शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।


No comments:
Post a Comment