शादी की जिद पर युवती ने प्रेमी के घर के बाहर खाया जहरीला पदार्थ

प्रेमी जेल में, युवती की हालत गंभीर; पिता समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज

मेरठ, 26 जुलाई।मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के जिसौरी गांव में प्रेम विवाह को लेकर विवाद के बीच एक युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। युवती की हालत बिगड़ने पर उसे पहले किठौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने युवती की शिकायत पर प्रेमी के पिता सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हापुड़ निवासी अनुसूचित जाति की युवती का जिसौरी गांव निवासी लव कुमार के साथ प्रेम संबंध था। युवती विवाह की मांग कर रही थी। बताया गया कि एक सप्ताह पूर्व युवती की शिकायत पर दर्ज मामले में लव कुमार जेल में है।

शनिवार को कथित तौर पर एक बिचौलिए ने युवती को समझौते और बातचीत के लिए प्रेमी के घर बुलाया। वहां विवाह को लेकर बातचीत हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। पुलिस के अनुसार, इसके बाद युवती ने घर के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

युवती ने आरोप लगाया है कि प्रेमी के पिता और अन्य परिजनों ने उसे पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रेमी के पिता तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, पुलिस ने पूछताछ के लिए प्रेमी के पिता और कथित बिचौलिए को हिरासत में लिया है।

क्षेत्राधिकारी सौम्या अस्थाना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवती के आरोपों और घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts