मैं 90 के दशक की बॉलीवुड फिल्मों की बड़ी प्रशंसक हूं’: करुणा पांडे ने ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ के रेन डांस सीक्वेंस की शूटिंग को बताया यादगार
मुंबई, जुलाई। सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ इन दिनों दर्शकों का दिल जीत रहा है। शो में पुष्पा अपनी जिंदगी के कठिन दौर से गुजर रही हैं। कादंबरी (बृंदा त्रिवेदी) के घर पर कब्जा होने के बाद पुष्पा (करुणा पांडे) और उनका परिवार अलग-अलग घरों में रहने को मजबूर हो जाता है। ऐसे में अपने परिवार को फिर से एक छत के नीचे लाने की कोशिश में पुष्पा एक भावुक विचार सामने रखती हैं कि यदि वे एक ही घर में नहीं रह सकते, तो कम से कम एक ही आसमान के नीचे तो साथ हो सकते हैं।
इसी भावनात्मक माहौल के बीच परिवार का मिलन बारिश के खूबसूरत दृश्य में बदल जाता है। पुष्पा और उनके बच्चे अपनी चिंताओं को भुलाकर फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के लोकप्रिय गीत ‘चक धूम धूम’ पर बारिश में जमकर डांस करते नजर आते हैं। यह दृश्य दर्शकों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ पारिवारिक रिश्तों और खुशियों का खूबसूरत संदेश भी देता है।
इस खास रेन डांस सीक्वेंस की शूटिंग अभिनेत्री करुणा पांडे के लिए भी बेहद यादगार रही। करुणा पांडे ने बताया कि उन्हें 90 के दशक की बॉलीवुड फिल्मों से खास लगाव है और बारिश व डांस उनकी पसंदीदा चीजों में शामिल हैं।
करुणा पांडे ने कहा, “यह सीक्वेंस मेरे लिए बेहद खास था। इसकी कहानी से जुड़ी भावनाओं के अलावा इसमें मेरी दो पसंदीदा चीजें बारिश और डांस भी शामिल थीं। मैं 90 के दशक की फिल्मों की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं, इसलिए जब मुझे पता चला कि हम ‘दिल तो पागल है’ के ‘चक धूम धूम’ गाने पर डांस करने वाले हैं, तो मैं बेहद उत्साहित हो गई।”
उन्होंने अभिनेत्री माधुरी दीक्षित की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी अदाकारी, भाव-भंगिमा और डांसिंग ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। करुणा ने बताया कि उन्हें ऑफ-स्क्रीन भी डांस करना बेहद पसंद है और यह उनके लिए खुशी का माध्यम है। वह मौका मिलने पर डांस रील्स भी बनाती हैं।
करुणा पांडे के मुताबिक, यह सीक्वेंस उनके निजी जुनून और पुष्पा के किरदार की भावनात्मक यात्रा का खूबसूरत मेल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को इसे देखते हुए वही खुशी, गर्मजोशी और उत्साह महसूस होगा, जो कलाकारों ने इसकी शूटिंग के दौरान महसूस किया।
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे किया जाता है।


No comments:
Post a Comment