अगले 72 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, रोजाना 50 मिमी तक वर्षा के आसार
मानसून हुआ सक्रिय, गर्मी से राहत; जलभराव ने बढ़ाई शहरवासियों की परेशानी
मेरठ।मेरठ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह से शुरू हुई बारिश का सिलसिला अगले 72 घंटे तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में तीन दिनों तक मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस दौरान प्रतिदिन औसतन 50 मिमी तक वर्षा हो सकती है।
बीते 24 घंटों में जिले में करीब 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली, लेकिन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। कई सड़कों और मोहल्लों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के साथ नगर निगम के नाला सफाई के दावों की भी पोल खुल गई। कई प्रमुख इलाकों, कॉलोनियों और बाजारों में जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त नजर आई। नालों की सफाई अधूरी होने से पानी सड़कों पर भर गया, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत हुई।
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की अपील की है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार मिल रही नमी और सक्रिय मानसूनी तंत्र के कारण अगले तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज वर्षा भी हो सकती है।
प्रशासन ने नगर निगम और संबंधित विभागों को जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश धान, गन्ना, मक्का सहित खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। इससे खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी और सिंचाई की आवश्यकता कम होगी। हालांकि किसानों को जलभराव वाले खेतों से पानी की निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि तेज आंधी आती है तो कुछ फसलों को नुकसान भी पहुंच सकता है।


No comments:
Post a Comment