जापान में 7.1 तीव्रता का जोरदार भूकंप, सुनामी की चेतावनी से मचा हड़कंप

क्यूशू द्वीप के कुमामोटो में आया भूकंप, घरों से बाहर निकले लोग; फिलहाल बड़े नुकसान की खबर नहीं

टोक्यो, 28 जुलाई। जापान के दक्षिणी क्यूशू द्वीप में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने से लोगों में दहशत फैल गई। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई, जिसके चलते कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।

JMA के मुताबिक, भूकंप मंगलवार शाम करीब 4:29 बजे कुमामोटो के पश्चिमी इलाके में आया। भूकंप का केंद्र समुद्र की सतह से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। यह इलाका जापान की राजधानी टोक्यो से लगभग 900 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।

भूकंप के तुरंत बाद किसी बड़े नुकसान या लोगों के घायल होने की सूचना नहीं मिली। हालांकि, तेज झटकों के कारण स्थानीय स्तर पर लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।

अमेरिकी पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर के अनुसार, स्थानीय तटों से आगे सुनामी का कोई बड़ा खतरा नहीं है। अधिकारियों की ओर से भूकंप के बाद संभावित आफ्टरशॉक्स और अन्य जोखिमों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

जापान भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील देश है और यहां नियमित रूप से भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts