बिना बड़ी सर्जरी के बची 68 वर्षीय मरीज की जान

 यथार्थ हॉस्पिटल ने किया जटिल धमनी रोग का सफल उपचार

एडवांस EVAR तकनीक से जानलेवा एओर्टिक एन्यूरिज्म का इलाज, हल्द्वानी में हर माह लगेगी विशेषज्ञों की ओपीडी

हल्द्वानी। यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, ओमेगा-1 (परी चौक के पास), ग्रेटर नोएडा ने शनिवार को हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में एक 68 वर्षीय मरीज के सफल उपचार की जानकारी दी। अस्पताल के डायरेक्टर एवं कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) विभागाध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि मरीज की मुख्य धमनी (एओर्टा) में गंभीर सूजन (एब्डॉमिनल एओर्टिक एन्यूरिज्म) थी, जिसका सफल इलाज आधुनिक EVAR (एंडोवैस्कुलर एन्यूरिज्म रिपेयर) तकनीक से किया गया।

डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि केदार नाथ (68 वर्ष) तेज पेट दर्द और कब्ज की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। प्रारंभिक तौर पर यह सामान्य पेट की समस्या प्रतीत हुई, लेकिन विस्तृत जांच में पता चला कि उनके पेट की मुख्य धमनी में खतरनाक सूजन थी, जो दोनों ओर की धमनियों तक फैल चुकी थी। यह स्थिति अत्यंत गंभीर थी और धमनी कभी भी फट सकती थी, जिससे मरीज की जान को खतरा था। इसके अलावा मरीज किडनी में पथरी और अन्य रक्त वाहिकाओं से जुड़ी समस्याओं से भी पीड़ित थे।

मरीज की जटिल स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने EVAR तकनीक का उपयोग करते हुए बिना बड़ी सर्जरी के रक्त वाहिकाओं के माध्यम से विशेष स्टेंट प्रत्यारोपित कर कमजोर धमनी को सुरक्षित किया। साथ ही एक अन्य प्रभावित धमनी का भी सफल उपचार किया गया। उपचार के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुका है।

डॉ. वेद प्रकाश ने कहा कि एब्डॉमिनल एओर्टिक एन्यूरिज्म एक बेहद गंभीर बीमारी है, जिसके लक्षण अक्सर देर से सामने आते हैं। यदि समय पर इसकी पहचान और उपचार न हो तो धमनी फटने से मरीज की जान जा सकती है। उन्होंने बताया कि आधुनिक EVAR तकनीक के माध्यम से बिना बड़ी सर्जरी के सुरक्षित उपचार संभव है और मरीज अपेक्षाकृत कम समय में स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकता है। उन्होंने विशेष रूप से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, धूम्रपान करने वाले तथा बुजुर्ग लोगों को पेट या पीठ में लगातार दर्द होने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी।

एस.के. नर्सिंग होम एंड हॉस्पिटल, हल्द्वानी के जनरल फिजिशियन एवं कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. देवाशीष गुप्ता ने कहा कि लगातार रहने वाले पेट या पीठ के दर्द को सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श गंभीर जटिलताओं से बचा सकता है।

इस अवसर पर यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने घोषणा की कि हल्द्वानी में प्रत्येक माह विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी आयोजित की जाएगी, जिससे उत्तराखंड के मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध हो सकेगा। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में उन्नत उपचार की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

अस्पताल प्रबंधन ने यह भी बताया कि उत्तराखंड गोल्डन कार्ड धारक मरीज यथार्थ हॉस्पिटल में उपलब्ध पात्र उपचार एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिससे प्रदेश के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हो सकेंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts