6 लेन हापुड़ रोड प्रोजेक्ट में बाधा बने 11 निर्माण
हापुड़ अड्डा के पास दिए हैं नोटिस, सहमति से हटाने का कर रहे प्रयास
मेरठ। हापुड़ अड्डा चौराहा से विजली बंबा बाईपास तक सिक्सलेन निर्माण का कार्य लगभग तीन साल से चल रहा है। अधिकांश लंबाई में मार्ग का निर्माण तो कर लिया गया है लेकिन हापुड़ अड्डा चौराहा, शंभूदास द्वार समेत कई स्थानों पर अतिक्रमण और सड़क की भूमि में बनी दुकानें बाधा बनी हैं। कुल 11 निर्माण को नोटिस दिए गए हैं लेकिन लोग इन निर्माण को हटाने के लिए तैयार नहीं हैं। प्रशासन सहमति से निर्माण हटवाने का प्रयास कर रहा है।
हापुड़ अड्डा के पास लगभग 100 मीटर दूरी में नाला निर्माण और उससे आगे इंटरलाकिंग टाइल्स लगाने का काम अटका है। जबकि नवनिर्मित सड़क पर भी अवैध कब्जे कर लिए गए हैं। दरअसल, मेरठ-हापुड़-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग तो शुरू हो गया है लेकिन इस हाईवे की शुरूआत हापुड़ अड्डा चौराहा से 4.69 किमी दूर विजली बंवा वाईपास मोड़ से भी आगे से हो रही है। हापुड़ अड्डा चौराहा से आगे यह रास्ता जाम, अतिक्रमण और गड्ढों से भरा था।।तत्कालीन सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने इस हिस्से के सिक्सलेन निर्माण के लिए 49 करोड़ रुपये का
प्रोजेक्ट एनएचएआइ से स्वीकृत कराया था। यह कार्य पीडब्ल्यूडी के एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) खंड को सौंपा गया है। जिसे 31 अक्टूबर 2024 तक पूरा किया जाना था।
अतिक्रमण बना बाधा
इस प्रोजेक्ट में शुरू से ही अतिक्रमण और सड़क की जमीन में हुए अवैध निर्माण विलंब करा रहे हैं. पहले 27 वाधाएं थीं. अब केवल 11 निर्माण बचे है। 100 मीटर नाला और टाइल्स लगाना शेष है। इन सभी को नोटिस दिए गए हैं। निर्माणकर्ता न्यायालय में भी गुहार लगा चुके हैं। जिला प्रशासन लंबे समय से इन सभी को सहमति से निर्माण हटाने के लिए मनाने में जुटा है।
पीडब्ल्यूडी एनएच खंड के सहायक अभियंता रईस अहमद ने बताया कि 6 लेन सड़क का निर्माण लगभग पूरा किया जा चुका है। हापुड़ अड्डा चौराहा के पास सूर्या प्लाजा के बाहर पांच दुकाने हैं जो कि वर्ष 1936 के मानचित्र के मुताबिक सड़क की जमीन में बनी है। कुछ निर्माण शंभूदास गेट के पास है। हापुड़ अड्डा चौराहा पर 100 मीटर नाला निर्माण और टाइल्स लगाने का काम अटका है। इसी प्रकार प्रशंभूदास गेट व अन्य स्थानों पर अवैध निर्माण को हटाया जाना है। भवन मालिकों के साथ कई बार जिला प्रशासन की अध्यक्षता में बैठक हो चुकी है।
नई सड़क और नाले पर भी हो गए अवैध कब्जे
भले ही प्रोजेक्ट अभी पूरा न हो सका हो लेकिन हापुड अड्डा से लेकर कमेला पुल तक नवनिर्मित नाला, उसके आगे इंटरलाकिंग टाइल्स तथा सड़क पर अधिकांश स्थानों पर दुकानदारों व अन्य लोगों ने कब्जा कर लिया है। दिन के समय में नाले से लेकर सड़क तक पूरी सड़क कब्जे की शिकार रहती है। इसके साथ ही सड़क की चौडाई भी एक समान नहीं है जिसके कारण सड़क कही पर चौड़ी है तो कहीं काफी कम है।
हापुड़ रोड के सिक्स लेन निर्माण में बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। सहमति से निर्माण हटाने के लिए लोगों को मनाया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मुख्य मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। लोगों के न मानने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। नवनिर्मित सड़क पर हुए कब्जों को नगर निगम के माध्यम सेअभियान चलाकर हटवाया जाएगा।
बृजेश कुमार सिंह, एडीएम सिटी


No comments:
Post a Comment