मेरठ मंडल में पर्यटन विकास पर सरकार का फोकस, 50.45 करोड़ की 27 परियोजनाओं पर मंथन

महाभारतकालीन गंगा मंदिर समेत धार्मिक और विरासत स्थलों का होगा विकास, गुणवत्ता से समझौता नहीं

मेरठ, 23 जुलाई। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को आयुक्त सभागार में मेरठ मंडल की पर्यटन और सांस्कृतिक विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 50.45 करोड़ रुपये की 27 परियोजनाओं पर चर्चा हुई। इनमें मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और हापुड़ के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं विरासत स्थलों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

बैठक में मेरठ की दो, गाजियाबाद की चार, गौतमबुद्ध नगर की तीन, बुलंदशहर की सात और हापुड़ की आठ परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें प्राचीन विश्वनाथ महादेव मंदिर, मां संतोषी माता मंदिर, भावेश्वर महादेव मंदिर, मां चामुंडा देवी मंदिर, गुरु गोरखनाथ मंदिर, महाभारतकालीन गंगा मंदिर, भूतेश्वर शिव मंदिर और कबीरदास से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों का विकास प्रस्तावित है। ब्रजघाट और गंगा तट से जुड़े क्षेत्रों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

परियोजनाओं के तहत मंदिर परिसरों में पर्यटक सुविधाएं विकसित करने, सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर जोर रहेगा। कम चर्चित धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर लाने और पर्यटन परिपथ से जोड़ने की योजना है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

संस्कृति विभाग ने मेरठ के किठौर स्थित रामलीला मैदान के विकास, विस्तार और सौंदर्यीकरण तथा बुलंदशहर के शिकारपुर में शहीद स्मारक निर्माण का प्रस्ताव भी रखा।

बैठक में 2024-25 और 2025-26 में स्वीकृत निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। जिला प्रशासन नियमित स्थलीय निरीक्षण करे और कार्यदायी संस्थाएं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें।

मंत्री ने कहा कि पर्यटन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि स्थानीय पहचान और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। इस दौरान आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, विधायक अमित अग्रवाल, विधायक गुलाम मोहम्मद, सीडीओ नूपुर गोयल, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीपिका सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts