वियतनाम नाव हादसे में 15 भारतीयों की मौत

 दूतावास ने जारी की मृतकों की सूची,मृतकों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 तथा केरल के 2 पर्यटक शामिल 

नई दिल्ली, 11 जुलाई। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए भीषण नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों की सूची भारतीय दूतावास ने जारी कर दी है। दूतावास के अनुसार यह सूची वियतनामी अधिकारियों से प्राप्त हुई है। मृतकों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 तथा केरल के 2 पर्यटक शामिल हैं।

भारतीय दूतावास ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में सहायता एवं समन्वय के लिए नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए गए हैं।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही स्पीडबोट फु क्वोक द्वीप के निकट पलट गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक, एक टूर गाइड और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। दोपहर के समय नाव में अचानक तकनीकी खराबी आने के बाद वह पलट गई। हादसे के कारणों की जांच वियतनामी प्रशासन द्वारा की जा रही है, जबकि खोज एवं बचाव अभियान भी जारी है।

इस दुर्घटना पर विभिन्न नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts