आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ का मुनाफा 27.8% बढ़ा, पहली तिमाही में ग्राहकों को ₹4,666 करोड़ के दावों का भुगतान
मुंबई। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) में 386 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 27.8 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी ने अपने ग्राहकों को मृत्यु दावों, मैच्योरिटी और सर्वाइवल बेनेफिट्स के रूप में कुल 4,666 करोड़ रुपये का भुगतान किया। साथ ही कंपनी का टर्म प्लान (रिटेल प्रोटेक्शन) कारोबार 60.4 प्रतिशत की दर से बढ़ा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुप बागची ने बताया कि पहली तिमाही में कंपनी का क्लेम सेटलमेंट रेशियो 99.3 प्रतिशत रहा, जबकि बिना जांच वाले दावों का औसतन एक दिन के भीतर निपटारा किया गया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में मृत्यु दावों के तहत 1,306 करोड़ रुपये और मैच्योरिटी व सर्वाइवल बेनेफिट्स के रूप में 3,360 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भी कंपनी ने 5,149 करोड़ रुपये के मृत्यु दावों तथा 15,363 करोड़ रुपये के मैच्योरिटी एवं सर्वाइवल बेनेफिट्स का भुगतान किया था।
अनुप बागची ने कहा कि कंपनी का रिटेल प्रोटेक्शन कारोबार 60.4 प्रतिशत बढ़ना इस बात का संकेत है कि कंपनी अधिक से अधिक लोगों तक जीवन बीमा सुरक्षा पहुंचाने के अपने उद्देश्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल तकनीक और नई प्रौद्योगिकियों के उपयोग को और बढ़ाएगी, ताकि ग्राहकों को तेज, सरल और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। पहली तिमाही में कंपनी के सेविंग्स कारोबार का कॉस्ट-टू-प्रीमियम अनुपात 50 बेसिस पॉइंट घटकर 13.6 प्रतिशत रह गया, जिससे नवाचार और डिजिटल निवेश को और गति मिलेगी।
कंपनी के निदेशक मंडल ने कंपनी का नाम बदलकर 'आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड' करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसके लिए आवश्यक नियामकीय स्वीकृतियां अभी प्राप्त होना शेष हैं। कंपनी का कहना है कि नया नाम आईसीआईसीआई ब्रांड की मजबूत पहचान और ग्राहकों के भरोसे को और सशक्त करेगा।


No comments:
Post a Comment