कांवड़ यात्रा तक सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, 24 घंटे अलर्ट रहेगा स्वास्थ्य महकमा

मेरठ। कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के साथ कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 12 अगस्त 2026 तक जनपद के सभी अधिकारी और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी। केवल विशेष परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी से अनुमति लेकर मुख्यालय छोड़ने की अनुमति मिलेगी। राजपत्रित अधिकारियों को मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से अनुमति लेकर जिलाधिकारी कार्यालय को सूचित करना होगा, जबकि अन्य कर्मचारियों को अपने विभागाध्यक्ष की अनुमति के बाद सूचना देनी होगी।

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी एम्बुलेंस पूरी तरह संचालित रहें और चिकित्सा शिविरों, सीएचसी तथा पीएचसी पर पर्याप्त चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहें। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर चिकित्सा शिविरों, अस्पतालों और एम्बुलेंस की जानकारी वाले सूचना बोर्ड लगाए जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल सके।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे। साथ ही सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण उपचार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे और अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी 24 घंटे अलर्ट मोड में कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कटारिया, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts