सहारा शहर की 245 एकड़ जमीन पर बनेगा नया विधानभवन, तैयारियां तेज
अत्याधुनिक सचिवालय, सीएम आवास, विधायक हॉस्टल और वीवीआईपी प्रशासनिक ब्लॉक भी होंगे विकसित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की नई विधानसभा के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की 245 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित नए विधानभवन के निर्माण के लिए सोमवार को कई कंपनियों ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में अपने प्रस्ताव और डिजाइन प्रस्तुत किए।
प्रस्तावित परियोजना के तहत नया विधानभवन, अत्याधुनिक सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास, विधायक हॉस्टल तथा वीवीआईपी प्रशासनिक ब्लॉक विकसित किए जाएंगे। इससे पहले भी कुछ कंपनियां अपना प्रेजेंटेशन दे चुकी हैं। अब तक करीब एक दर्जन एजेंसियां अपनी योजनाएं शासन के समक्ष रख चुकी हैं।
एलडीए द्वारा सभी कंपनियों के प्रस्तावों की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। शासन स्तर पर गठित उच्चस्तरीय समिति अंतिम रूप से निर्माण एजेंसी का चयन करेगी।
प्रस्तावित नया विधानभवन पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल होगा। इसे अगले 100 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है। भवन में आधुनिक तकनीक आधारित कार्यप्रणाली के साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जाएगा।
योजना के अनुसार गोमतीनगर क्षेत्र में वीवीआईपी आवागमन के दौरान जाम की समस्या से बचने के लिए अंडरग्राउंड टनल, विशेष प्रवेश एवं निकास द्वार तथा अत्याधुनिक सुरक्षा प्रोटोकॉल विकसित किए जाएंगे। भवन की वास्तुकला में आधुनिक सुविधाओं के साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि निर्माण एजेंसी का अंतिम चयन शासन द्वारा किया जाएगा और सभी प्रस्तुत प्रस्तावों की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।


No comments:
Post a Comment